रविवार, सितंबर 05, 2010

सीली ज़िन्दगी


गुज़र रहे हैं पल ख़ामोशी से,
लम्हा लम्हा सीला है.
खामोशी की आहट है बस
हर करवट दिल भीगा है.

तंग गलिओं के चोराहों पे
रोज़ नाचती है ज़िन्दगी,
हर कच्चे घर के आँगन में
सूरज अब तक भीगा है

जितने करवट ले लो चाहे,
ये नींद कभी न टूटेगी.
रात की दो रोटी का स्वाद
यहाँ तो अब तक फीका है.

--नीरज

मंगलवार, अगस्त 10, 2010

लाल भारत



खूब उड़ा है लाल गुलाल,
रंग हुआ है देश का लाल.
मन मानी भाई करी है सबने,
कौन बना है देश का लाल??

लालगढ़ के लाल हैं लाल,
बरफ भी हुई है फिर से लाल.
परवाह है भाई तुमको किसकी,
लगा के घूमो बत्ती लाल.

डुबा-डुबा के डुबा दिया है,
खेल भी कर दिये तुमने लाल.
फिर भी शर्म से भैया तोरे,
नहीं हैं बिलकुल लाल ये गाल.

बढ़ा बढ़ा के बढ़ा दिया है,
महंगाई ने किया बवाल.
इच्छा है भाई सबकी अब ये,
तुम पे ठोकें जम के ताल.


जाने कैसे सुनोगे तुम ये,
कैसे होगी पतली खाल??

--नीरज

गुरुवार, अगस्त 05, 2010

लिबास



तू आएगी न जाने किस लिबास में
दामन में गिरेगी या मुझे ले उड़ेगी,
न दाएरे होंगे न बंदिशें कोई किसी की,
सुकून को मेरे दामन में सौंप जायेगी.
छुउंगा आसमां, हवा को काटूँगा मैं,
सूरज की किरणों से मुझे पावन करेगी.

तू किसी रोज़ यूँही चली आएगी या
रोज़ एक अहसास के साथ आएगी.
कभी फुर्सत मिले तो बताना मुझे,
मौत तू किस लिबास में आएगी.

--नीरज

मंगलवार, अगस्त 03, 2010

लहर



ये नदी और इस के ये दो किनारे,
सदियों से दो भाई जुदा हों, लगता है.
लहरें रोज़ आती हैं दोनों से मिलने,
दोनों को छूती हैं और चली जाती हैं.
कौन जाने ये कहीं बीच में ही खो जाती हैं या
एक भाई का सन्देश दुसरे को पहुंचती हैं.

कई दिन गुज़रे हैं तोहफा नहीं लायी लहर,
न सन्देश लायी है कोई उस पार से.
पिछली बार कुछ चिकने पत्थर आये थे,
तो कुछ यहाँ से भी भिजवाए थे जवाब में.
आज कल माहोल शांत है, यहाँ का भी वहां का भी,
लगता है लहर ने आज कल सीधा बहना सीख लिया है.

ये नदी और इस के ये दो किनारे,
सदियों से दो भाई जुदा हों, लगता है.

--नीरज

सोमवार, जून 21, 2010

फासले



चाहतें हैं दरमियाँ, फिर भी दूरी न जाने क्यों है,
आहटें हैं दरमियाँ, फिर भी ख़ामोशी न जाने क्यों है?

आयतें लिखी हैं दिलों पे दोनों के एक ही,
आवाज़ खामोश ये दिल की न जाने क्यों है?

एक ही शहर में थामे खड़े हैं हाथ कबसे,
फिर भी मीलों की ये दूरी न जाने क्यों है?

सिमट आते हैं कभी रास्ते दरमियाँ अपने,
चाहत छिपाना तुझे लाज़मी न जाने क्यों है?

जुल्फों के ख़म मेरी नज़रों से सुलझाती है,
हथेली पे आइना फिर भी न जाने क्यों है?

--नीरज

ख़म = curls

सोमवार, मई 31, 2010

फलक



न जाने कब ये शाम का गोला ढल जाए.
और एक स्याह रात की चादर सिल जाए.
करोड़ों जगमगाते टुकड़े पैबंद हों उस पर,
स्याह शामियाने पे नक्काशी खिल जाए.

तू रोज़ देखता है टक-टकी लगाए मुझे.
बढाऊँ हाथ जो ऊपर, तू छिटक जाए मुझे
किसी रोज़ पैबंद हो जाऊं शामियाने पर,
ए खुदा तू कभी फलक पे बसा आए मुझे.

--नीरज

बुधवार, मई 26, 2010

तन्हाई



ए कलम काश मेरा भी कोई तेरे
कागज़ की तरह हमदम होता,
मेरे दिल से उमड़ती स्याही को
मैं किसी से तो बाँट पाता.

ए आंसू काश मेरा भी कोई तेरे
गाल की तरह हमराज़ होता,
मेरे बिखरते मोतिओं को
यहाँ कोई तो समझ पाता.

ए धरती काश मेरा भी कोई तेरे
आसमां की तरह हमजाद होता,
मेरी आग सी तपती रूह को
कोई तो ठंडा कर पाता.

--नीरज

मौन



मौन है क्यों मौन है
यहाँ सभा भरी क्यों मौन है,
क्या हुआ है यहाँ बताओ,
इस नीरस गढ़ का राज़ बताओ.
धुआं हुआ है बिन आग यहाँ क्या?
यहाँ सभा भरी क्यों मौन है?

रात बढ़ी है आहिस्ता से
यहाँ अन्ध्यारा क्यों चोर है,
क्या हुआ है यहाँ बताओ,
इस खामोशी का राज़ बताओ.
भूख पड़ी है भूखी भी अब
यहाँ सभा भरी क्यों मौन है?

--नीरज

मंगलवार, मई 25, 2010

हम



कुछ ख्वाब तुमने बुने थे,
कुछ मैंने, कुछ हमने
और कुछ अध्बुने ही रह
गये थे वक़्त की मेज़ पे.
तुम वो खवाब मुझ से और
मैं तुमसे मांगता रहा,
आज जब कई साल बाद
मैंने महसूस किया कि वो
न तुम्हारे पास थे और न मेरे,
वो ख्वाब आज भी वक़्त की मेज़
पर महफूज़ उसी करवट सोये हुए हैं.
अफ्सोस इस ज़िन्दगी की दौड़
में हम एक दुसरे से बहुत
दूर निकल आये हैं.
अब न तुम हो, न मैं,
न वक़्त और न ही हम.

--नीरज

शनिवार, मई 08, 2010

बुत

ये दुनिया 
बड़ी नादान है, 
हर रंगीन 
बुत को 
भगवान 
समझ लेती है. 
हाथ बढ़ा दे 
गर कोई 
प्यार का.
रावन को भी
राम समझ
लेती है.

--नीरज